Powered By Blogger

Saturday, February 23, 2008

वापस नहीं लौटना चाहते प्रवासी

कहते हैं कि पहाड का पानी और जवानी टिकते नहीं, बहकर दूर निकल जाते हैं। हाड तोड मेहनत के बावजूद फसलों की कम पैदावार तथा लघु व कुटीर उद्योगों की जर्जर हालातों के कारण युवा वर्ग को हमेशा पहाडों से बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पडा है। पहाड़ के सीमान्त क्षेत्रों ने इस दंश को सबसे अधिक झेला है। राष्टीय नमूना सर्वेक्षण संगठन के अभी के एक सर्वेक्षण मे यह बात सामने आई कि हालात आज भी नहीं बदले, बल्कि पलायन लगातार बढ रहा है।
पहाडों से पलायन कोई नई बात नहीं। 19वीं सदी के पूर्वार्ध में पहाडों में अग्रेजों के आने के बाद से इन क्षेत्रों के युवाओं का सैन्य सेवाओं के लिए पहाड से बाहर निकलना शुरू हुआ। कुछ लोग रसोइया या घरेलू नौकर का का करने के लिए महानगरों की ओर गए। 20वीं शताब्दी के पूर्वार्द्ध में शिक्षा के प्रति जागरूकता आने से युवाओं का उच्च शिक्षा हेतु मैंदानी क्षेत्रों की ओर जाना शुरू हुआ। इसके साथ-साथ युवा वर्ग अन्य क्षेत्रों मे भी रोजगार हेतु जुडने लगे। पहाड के कई लोगों ने साहित्य, पत्रकारिता, कला, राजनीति व सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में खास मुकाम हासिल किए।
बागेश्वर व पिथौरागढ के सीमांत क्षेत्रों की स्थिति को ही देखा जाए तो तस्वीर का एक पहलू सामने आता है। इन जिलों के दानपुर, जौहार, व्यास व दारमा की घाटियों में बसे सैकडों गॉंव धीरे-धीरे पलायन के कारण अब लगभग खाली हो चुके हैं। उत्तराखण्ड राज्य बनने के बाद पहाडों में कुछ विकास तो हुआ, मगर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध न होने के कारण पहाडों से युवाओं का मैदानी क्षेत्रों की ओर जाना अनवरत जारी है। हाल में हुए राष्टीय नमूना सर्वेक्षण संगठन के सर्वेक्षण मे यह बात सामने आई कि गॉंवों की तस्वीर आज भी पहले जैसी ही है।
मैदानी क्षेत्रों में कई वषों से रह रहे लोग भी अब अपने गावों में बसना नहीं चाहते, क्योंकि पहाड में काफी हद तक अभाव का जीवन जीना पडता है।
नागलिंग निवासी करन सिंह नग्न्याल वर्तमान में देहरादून, देहात के पुलिस अधीक्षक हैं। इस सच्चाई को स्वीकार करते हुवे कहते हैं कि, `हमारे गॉंव में पैदल चलना बहुत होता है, रास्ते भी काफी खतरनाक हैं। काफी मन होने के बावजूद हम वहां नहीं जाते। कई सालों में कभी यदि जाना भी हुआ तो राशन व अन्य घरेलू सामान बाजार से ही ढुलवा कर ले जाना पडता है`। कुछ इसी तरह का कहना है बागेश्वर के रेडियो केन्द्र अधिकारी कार्यालय में कार्यरत कुटटी निवासी दिवान सिंह कुटियाल, झूनी निवासी व्यापारी हयात सिंह व किमू निवासी दान सिंह का।
पुरानी यादें ताजा करते हुए दफौट निवासी बुजुर्ग वकील गुसांई सिंह दफौटी कहते हैं कि पहाडी क्षेत्र के जिन खेतों से होने वाले अनाज से ग्रामीण परिवार अपनी गुजर बसर कर लेते थे, वो खेत आज बंजर पडे हैं। पर्याप्त वर्षा न होना व सिंचाई सुविधाओं के अभाव में उन्हें सूखे की मार झेलनी पड रही है। कई ग्रामीणों ने फल, सब्जी व जडी बूटी की खेती को भी अपनी आय का साधन बनाने की कोशिश की लेकिन उचित विपणन के अभाव मे उन्हें अपनी मेहनत के मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई।
ताजा सर्वेक्षण बताता है कि गांवों से आज भी नई पीढी का पहाड से पलायन थम नही रहा है। सरकार ने ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्रामीणों को वर्ष में 120 दिन रू 73 मजदूरी देने का कार्यक्रम शुरू तो किया है लेकिन इससे भी पलायन रूकेगा कह पाना मुश्किल है।

1 comment:

Pankaj Vishesh said...

प्रवासी वापस लौटना चाहते हैं, मगर अधिकांशत: परिस्थिति के शिकार हैं.